कुडू-लोहरदगा: कुडू स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय के कम्प्यूटर कक्ष में अज्ञात चोरों ने चोरी के साथ-साथ व्यापक तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया है। घटना का पता सोमवार को विद्यालय खुलने के बाद चला, जब शिक्षकों ने कम्प्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया। आशंका जताई जा रही है कि चोरी और तोड़फोड़ की यह वारदात शनिवार अथवा रविवार की रात में हुई।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने कम्प्यूटर कक्ष में स्थापित कुल आठ बैटरियों में से सात बैटरियां चोरी कर लीं। वहीं आठों कम्प्यूटर मॉनिटर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। विद्यालय में लगे होंडा कंपनी के 3000 केवीए जनरेटर को तोड़कर उसमें लगे तांबे के कॉयल निकाल लिए गए।
इसके अलावा दो स्टेबलाइजर को बाहर फेंक दिया गया तथा आठ सीपीयू में से छह सीपीयू को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रिंटर सहित अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। चोर बैटरियां अपने साथ ले गए, जबकि अन्य उपकरणों को तोड़कर उनमें लगे तांबे के तार एवं कॉयल निकाल लिए।
इस घटना से विद्यालय की कम्प्यूटर शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है और छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियों को भी नुकसान पहुंचा है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मदेव प्रसाद ने कुडू थाना में आवेदन देकर लगभग तीन लाख रुपये के सामान को क्षतिग्रस्त किए जाने तथा डेढ़ लाख रुपये के सामान की चोरी होने की लिखित सूचना दी है। उन्होंने मामले की जांच, अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और चोरी में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
