लखनऊ : गोमती नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को SBI के एक बैंककर्मी ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, आरोपी गुरुवार दोपहर कार से ICICI बैंक पहुंचा था। उसने फोन कर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को ऑफिस से बाहर बुलाया। कुछ देर बातचीत करने के बाद उसने दिव्या को गोली मार दी और वहां से फरार हो गया।
Read More : 22 से अधिक परीक्षाएं रद्द करने का मामला पहुंचा हाईकोर्ट
घर पहुंचकर बहन को मारी गोली
पत्नी को गोली मारने के बाद आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पसीने से भीगा हुआ था। घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपनी बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर भाई-बहन खून से लथपथ मृत मिले। कमरे में टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी।
WhatsApp स्टेटस में लिखा- पत्नी ने धोखा दिया
सुसाइड से पहले आरोपी ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया था। इसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी और दावा किया कि उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि पत्नी ने उसे धोखा दिया था। स्टेटस में उसने अपनी बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव के बारे में भी लिखा था कि उन्हें इस मामले की जानकारी थी।
पत्नी ICICI बैंक में थीं असिस्टेंट मैनेजर
मृतका दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं। वह यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। दिव्या की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उनके कोई बच्चा नहीं था। बताया गया है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद से वह आलमबाग में रह रही थीं।
पति SBI में था अकाउंटेंट
आरोपी मानस बाजपेई हुसारिया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा के साथ किराए के मकान में रहता था। वह SBI में अकाउंटेंट था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। पड़ोसी अंकुर प्रकाश के मुताबिक, WhatsApp स्टेटस देखने के बाद वह तुरंत आरोपी के घर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। टीवी चल रहा था। इसके बाद उन्होंने जोर लगाकर दरवाजा खोला, जहां दोनों भाई-बहन मृत पड़े थे।
पड़ोसी ने बताया, बहन की तबीयत खराब थी
अंकुर प्रकाश ने बताया कि दोनों भाई-बहन अच्छे लोग थे और मिलने पर उनसे अच्छी तरह बातचीत होती थी। उन्होंने बताया कि आरोपी की बहन करीब 28-29 साल की थी। पड़ोसी के मुताबिक, बहन पहले से मानसिक रूप से बीमार थी और पिछले कुछ महीनों से उसकी तबीयत ज्यादा खराब चल रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। फिलहाल वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।




