Jamshedpur news: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को जन शिकायतों के आधार पर सोनारी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले उन्होंने सोनारी के कुम्हारपाड़ा में नगर विकास विभाग द्वारा निर्मित सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में कई तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। सरयू राय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल खामियों को दूर करने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद विधायक पुराना सोनारी पहुंचे, जहां विधायक निधि से निर्मित हो रही सड़क का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

निरीक्षण के क्रम में सरयू राय आदर्श नगर फोर्थ फेज के सामने पहुंचे, जहां नगर विकास विभाग द्वारा नाली निर्माण के लिए गड्ढा खोदकर काम अधूरा छोड़ दिया गया था। स्थल की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि रुके हुए कार्यों को शीघ्र शुरू कराया जाए। साथ ही जहां भी निर्माण कार्यों में अनियमितता या लापरवाही हुई है, उसे तत्काल सुधारने की कार्रवाई की जाए।

सरयू राय ने कहा कि जनता से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर वे लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों की निगरानी करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विकास योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना उनकी प्राथमिकता है।

Share.
Exit mobile version