K. Durga Rao.
सरायकेला। कांड्रा थाना क्षेत्र से छह दिनों से लापता दो युवकों राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव पुलिस ने रपचा जंगल से बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए रविंद्र मार्डी और फूलचंद हांसदा से मिली जानकारी के आधार पर शवों की तलाश की गई।
जमीन खोदकर निकाले गए शव
पुलिस टीम आरोपियों द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची। मजिस्ट्रेट सह सीआई बलवंत सिंह की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। मौके पर एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और कांड्रा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू भी मौजूद रहे।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
13 अगस्त की रात से थे लापता
बताया गया कि 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे राहुल हांसदा और तपन प्रधान धातकीडीह स्कूल में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों युवकों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें कार से गम्हरिया ले जाने की बात सामने आई। सूरज किसी तरह वहां से निकल गया, जबकि राहुल और तपन का इसके बाद कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने जताई थी अपहरण की आशंका
दोनों युवकों के परिजनों ने उनके अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। अब दोनों के शव बरामद होने के बाद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। मौत की वजह, घटना का कारण और पूरी परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।




