Ranchi : हरमू रोड स्थित ऐतिहासिक मारवाड़ी भवन में निर्मित नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार का उद्घाटन समारोह 10 नवम्बर को बड़े ही भव्य आयोजन के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद महुआ माजी उपस्थित रहेंगी।
अध्यक्ष मनोज चौधरी एवं उनकी पत्नी कविता चौधरी ने आज पंडित श्याम सुंदर भारद्वाज के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत की। नगर की 112 वर्ष पुरानी संस्था मारवाड़ी सहायक समिति द्वारा संचालित इस भवन परिसर में लगभग 8000 स्क्वायर फीट क्षेत्रफल में यह आधुनिक, पूर्णत: वातानुकूलित बहुउद्देशीय सभागार तैयार किया गया है।
संस्था के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि समिति का उद्देश्य इस सभागार को जनोपयोगी बनाना है, ताकि सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए इसका लाभ आम जनता को मिल सके। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के सहयोग और सहभागिता की भावना का प्रतीक है।
मीडिया प्रभारी निर्मल बुधिया ने बताया कि इस बहुउद्देशीय सभागार के निर्माण से संस्था को एक नई पहचान मिलेगी और रांची शहर के लोगों के लिए यह एक बड़ा सामुदायिक केंद्र साबित होगा।



