Jamshedpur.  Tata Steel टाटा स्टील के वायर रॉड मिल (W.R.M.) में ग्रेड रिवीजन (वेतन संशोधन) में हो रही देरी को लेकर कर्मचारियों के बीच टाटा वर्कर्स यूनियन (TWU) के खिलाफ असंतोष गहराता जा रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर W.R.M. के UCM (यूनियन कमेटी मेंबर) श्री रणवीर सिंहने एक बड़े अभियान की शुरुआत की है।

जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह के नेतृत्व में एक ऑनलाइन मुहिम शुरू की गई है, जिसके तहत एक गूगल फॉर्म जारी कर कर्मचारियों का समर्थन और ई-सिग्नेचर जुटाए जा रहे हैं। वर्तमान में 36 कर्मचारी इस फॉर्म के जरिए अपनी सहमति और डिजिटल हस्ताक्षर दर्ज करा चुके हैं, और लगातार अन्य कर्मचारी भी इस अभियान के समर्थन में आगे आ रहे हैं।

मुख्य माँगें और मुद्दे

कर्मचारियों का कहना है कि वेज रिवीजन का मामला लंबे समय से लंबित है, जिससे कर्मचारियों में अनिश्चितता का माहौल है। इस अभियान के माध्यम से निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर जोर दिया जा रहा है:

18 महीने से लंबित वेज रिवीजन:

पिछले करीब 18 महीनों से लंबित वेतन संशोधन पर टाटा वर्कर्स यूनियन जल्द से जल्द पारदर्शी और ठोस फैसला ले।

बेहतर न्यूनतम गारंटी लाभ (MGB):

कर्मचारियों को एक सम्मानजनक और बेहतर मिनिमम गारंटीड बेनिफिट मिले।

D.A. पर पॉइंट वैल्यू और भत्ते:

महंगाई भत्ते (D.A.) की प्रति पॉइंट वैल्यू को सुधारा जाए और अच्छे भत्ते (Allowances) शामिल किए जाएं।

N.S. ग्रेड कर्मचारियों का भविष्य:

एन.एस. (N.S.) ग्रेड के कर्मचारियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस ग्रेड संशोधन में उनके साथ उचित न्याय हो और उनके हितों को ठीक से देखा जाए।

यूनियन से सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

अभियान से जुड़े कर्मचारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि टाटा वर्कर्स यूनियन (TWU) द्वारा उनके इन जायज मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया गया और एन.एस. ग्रेड के कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की गई, तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

कर्मचारियों ने यह पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है कि यदि कर्मचारी इस आगामी समझौते से संतुष्ट नहीं होते हैं और यूनियन उनका सही प्रतिनिधित्व करने में विफल रहती है, तो W.R.M. के कर्मचारी एकजुट होकर टाटा वर्कर्स यूनियन (TWU) से सामूहिक इस्तीफा देंगे।

कर्मचारियों का कहना है कि उनका यह विरोध यूनियन के नेतृत्व के सामने अपने हक और सम्मान के लिए एक शांतिपूर्ण और डिजिटल अपील है, जिसे नजरअंदाज करना आने वाले समय में यूनियन के लिए भारी पड़ सकता है।

Share.
Exit mobile version