Ranchi : खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने रांची जिले के 115 राशन कार्डधारियों से लगभग 3.5 करोड़ रुपये की वसूली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि इन लाभुकों ने अपात्र होने के बावजूद सरकारी राशन योजना का लाभ लिया। कई मामलों में आय, संपत्ति या अन्य पात्रता संबंधी तथ्यों को छिपाकर राशन कार्ड बनवाया गया था।

विभागीय जांच पूरी होने के बाद संबंधित लाभुकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सरकारी राशि जमा करने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समय में राशि जमा नहीं की जाती है, तो प्रशासन द्वारा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें वसूली की प्रक्रिया तेज करने के साथ अन्य दंडात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों को ही मिलना चाहिए। अपात्र लोगों द्वारा योजनाओं का लाभ लेने से वास्तविक जरूरतमंद परिवार प्रभावित होते हैं। इसी उद्देश्य से राशन कार्डों का लगातार सत्यापन किया जा रहा है और गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे अपनी पात्रता से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराएं। यदि किसी व्यक्ति ने गलत जानकारी देकर राशन कार्ड बनवाया है, तो वह स्वयं आगे आकर आवश्यक सुधार कराएं, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

Share.
Exit mobile version