Rohtas, (Bihar): बिहार के रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह शादी की शहनाइयां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं। ढोढनडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में नाच के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मंच पर नर्तकी के साथ नाच रहे 24 वर्षीय युवक वीर बहादुर सिंह की उसके ही एक करीबी मित्र ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। यह वारदात अहले सुबह करीब पांच बजे हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मंच पर नाच और पैसों का विवाद बना काल : मिली जानकारी के अनुसार, मिथिलेश सिंह की पुत्री की शादी में भोजपुर के बिहिया से बारात आई थी। रातभर शादी की रस्में चलीं और मंच पर नाच का कार्यक्रम भी हो रहा था। सुबह करीब पांच बजे वीर बहादुर सिंह मंच पर जाकर डांसर के साथ नाचने लगे और उस पर पैसे लुटाने लगे। इसी बीच उनका एक दोस्त भी स्टेज पर चढ़ गया। वीर बहादुर ने उसे नीचे उतरने को कहा, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोस्त ने आपा खो दिया और रिवॉल्वर निकालकर वीर बहादुर पर तीन गोलियां दाग दीं।
मंच पर ही तोड़ा दम, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव : गोली लगते ही वीर बहादुर सिंह खून से लथपथ होकर मंच पर ही गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सूर्यपुरा, नटवार, भानस ओपी और दावथ थाना की पुलिस समेत डीएसपी सिंधु शेखर सिंह और इंस्पेक्टर शेर सिंह यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा, बिखरे हुए नोट और मृतक का मोबाइल मिला है।
जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम : डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि मामला आपसी विवाद में हत्या का लग रहा है। आरोपी मृतक का करीबी मित्र है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। एक छोटी सी बात पर हुई इस हत्या ने न केवल दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



