गुमला: उपायुक्त गुमला प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की अंचल संबंधी समस्याओं के त्वरित निवारण हेतु प्रत्येक शनिवार विशेष अंचल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से भूमि विवाद, पारिवारिक सदस्यता, दाखिल-खारिज, पंजी-2 सहित अन्य अंचल संबंधी मामलों का निस्तारण स्थल पर ही संबंधित वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है। इससे नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलती है तथा उनका समय एवं संसाधन दोनों की बचत होती है। पूर्व में निर्धारित अंचल दिवस की तिथियों में आवश्यकतानुसार संशोधन करते हुए नई तिथियों की घोषणा की गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बसिया में 13 दिसंबर 2025, अकबर एक्का जारी में 20 दिसंबर 2025, पालकोट में 27 दिसंबर 2025, कामडारा में 03 जनवरी 2026, भरनो में 10 जनवरी 2026, चैनपुर में 17 जनवरी 2026, बिशुनपुर में 24 जनवरी 2026, सिसई में 31 जनवरी 2026, डुमरी में 07 फरवरी 2026, रायडीह में 14 फरवरी 2026 तथा घाघरा में 21 फरवरी 2026 को विशेष अंचल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने नजदीकी अंचल दिवस शिविर में निर्धारित तिथि को अवश्य उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें। जनसुविधा सुनिश्चित करना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा है कि अंचल दिवस कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जन तक सुशासन की पहुँच सुनिश्चित करना है और नागरिकों के अधिकारों से संबंधित सभी मामलों का शीघ्र निवारण कर उन्हें राहत प्रदान करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अधिक से अधिक लाभ लेने एवं शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।

Share.
Exit mobile version