फॉण्ट कनवर्टर NEW

सप्ताह में 3 दिन लगेंगे राजस्व शिविर, बड़े बकायेदारों और सरकारी भवनों को नोटिस

रांची नगर निगम का राजस्व वसूली पर कड़ा रुख, होल्डिंग टैक्स और यूजर चार्ज वसूली तेज करने के आदेश

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: राजधानी में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने राजस्व संग्रहण को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। 15 अक्टूबर 2026 को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में राजस्व शाखा की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज की वसूली की समीक्षा करते हुए राजस्व लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए कई सख्त व महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व संग्रहण को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जाए। शहरवासियों को निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchimunicipal.com तथा समर्पित चैटबॉट नंबर 8986627070 के जरिए ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे नागरिकों को लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
इसके अलावा सरकारी भवनों पर भी निगम की पैनी नजर है। जिन सरकारी परिसरों का अब तक होल्डिंग निर्धारण नहीं हो पाया है, उनकी तत्काल मापी कराकर डिमांड सृजित करने और नियमानुसार टैक्स तय कर सीधे नोटिस भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों की सहूलियत के लिए अंचल कार्यालयों के माध्यम से प्रति सप्ताह तीन दिन विशेष राजस्व संग्रहण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर आम जनता को पहले ही सूचना दी जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग अपने बकाया करों का भुगतान आसानी से कर सकें।
लंबे समय से कर दबाए बैठे बकायेदारों के खिलाफ भी अब निगम सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। शहर के बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर लंबित होल्डिंग टैक्स और वाटर यूजर चार्ज की वसूली के लिए सीधे कानूनी नोटिस थमाए जाएंगे। इसके साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, विशेषकर होटलों और बैंक्वेट हॉलों से सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज का नियमित भुगतान अनिवार्य किया गया है। तय शुल्क जमा न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ निगम नियमानुसार कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करेगा।
नगर आयुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी सक्रियता, नियमित निगरानी और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा, ताकि अर्जित राजस्व से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार, नगर प्रबंधक, कर संग्रहकर्ता एवं राजस्व शाखा के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram