Chaibasa news : नगर परिषद चाईबासा द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश तथा प्रशिक्षु आईएएस सह अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान प्रशिक्षु आईएएस सह अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, अंचलाधिकारी उपेन्द्र कुमार, नगर प्रबंधक लोकेश सिंह और राजस्व पदाधिकारियों की टीम ने नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और वाहन मालिकों से जुर्माना वसूला गया।

नगर परिषद टीम ने पुलिस लाइन से बस स्टैंड होते हुए यशोदा सिनेमा हॉल तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।

अधिकारियों ने सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी दी और तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। अभियान के दौरान कुल 4700 रुपये का दंड वसूला गया।

कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू ने बताया कि 24 मार्च 2026 को मंगलवार होने के कारण मंगला हाट और अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण मुक्ति अभियान नहीं चलाया जाएगा।

इसके बाद 25 मार्च 2026 को नगर परिषद द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से फिर से अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और शहर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशिक्षु आईएएस सह अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार ने कहा कि सड़कों पर अवैध रूप से वाहन, ठेला और दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे ट्रेड लाइसेंस लेकर ही अपना व्यवसाय करें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version