Garhwa News: गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। रंका–रमकंडा मुख्य सड़क पर तीखे मोड़ के पास तेज रफ्तार गिट्टी लदा हाईवा अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे दौड़ते दो युवकों को रौंद दिया। दोनों युवक पुलिस और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे थे और रोज़ सुबह की तरह दौड़ने निकले थे।
मौके पर ही खत्म हो गई दोनों की सांसें
हादसा इतना भीषण था कि हाईवा खुद भी मोड़ पर पलट गया और गिट्टी की भारी मात्रा दोनों युवकों पर गिर गई। ग्रामीण जब दौड़ते हुए पहुंचे तो दोनों की हालत बेहद दर्दनाक थी। जेसीबी मशीन बुलाकर गिट्टी हटाई गई, जिसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। मृतकों की पहचान मानपुर गांव, टेढ़ी महुआ टोला के रहने वाले 22 वर्षीय राजू कुमार रवि और 21 वर्षीय अनिल कुमार रवि के रूप में हुई। दोनों बचपन के साथी थे और एकसाथ नौकरी की तैयारी कर रहे थे।
ग्रामीणों का आक्रोश फूटा, सड़क जाम
दुर्घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हुए और रंका–रमकंडा मार्ग को जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि मृतकों के परिवार को तुरंत मुआवजा मिले और लापरवाह चालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए। सड़क जाम होने से लंबी कतारें लग गईं और तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
अधिकारियों ने पहुंचकर संभाली स्थिति
मामले की गंभीरता देखते हुए एसडीओ रुद्र प्रताप, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम और थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश की और मामले की पूरी जांच का आश्वासन दिया। एसडीपीओ ने दोनों युवकों की मौत की पुष्टि की है और कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यह हादसा उन परिवारों के लिए बड़ा सदमा है जिन्होंने अपने बेटों को देश की सेवा के सपने के साथ तैयार किया था।



