Ranchi: रांची पुलिस ने बच्चों के अपहरण और तस्करी में संलिप्त एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसआईटी की कार्रवाई से जगरनाथपुर मौसीबाड़ी से अपहृत दो मासूम बच्चों अंश कुमार और अंशिका कुमारी को सकुशल बरामद किया गया। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने इसकी जानकारी दी।

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि बीते 2 जनवरी को धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार मैदान से 5 साल का अंश और 4 साल की अंशिका अचानक लापता हो गए थे। बच्चों के पिता सुनील कुमार राय की शिकायत पर धुर्वा थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

इस खबर को भी पढ़ें : लापता मासूमों की तलाश में कूदा राहुल सिंह गैंग, प्रेस विज्ञप्ति से मची खलबली!

पूछताछ में पता चला कि नव खेरवार और सोनी कुमारी सहित गिरोह के सदस्य बच्चों को अपहरण कर राज्य के अलग-अलग इलाकों में छुपाते थे। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि यह नेटवर्क झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी सक्रिय था। गिरोह अपहृत बच्चों का इस्तेमाल भीख मंगवाने, बेचने, देह व्यापार और अवैध तस्करी में करता था।

एसआईटी की कार्रवाई में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके निशानदेही पर रांची के सिल्ली, रामगढ़ के कोठार और लातेहार के बारियातू से कई बच्चे बरामद किए गए। जांच में पता चला कि बच्चों का अपहरण पिछले 1-3 सालों में विभिन्न जिलों में हुआ था। कुछ बच्चों को बिहार और पश्चिम बंगाल में बेचने की योजना भी थी।

इस खबर को भी पढ़ें : खुशखबरी: खत्म हुआ अंश-अंशिका का इंतजार; गुलगुलिया दंपति से बच्चों को छुड़ाया!

पुलिस का कहना है कि अन्य अभियुक्त और अपहृत बच्चों की बरामदगी की संभावना भी है। इस बीच, गिरफ्तार अभियुक्त विरोधी खेरवार के पास से मारुति सुजुकी कार और अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों के अपहरण या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।

Share.
Exit mobile version