रांची। शहर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने किशोरी यादव चौक से गौशाला रोड, जलान रोड, अपर बाजार, पिंजरा पोल होते हुए रातू रोड चौक तक व्यापक क्षेत्रीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराना, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, सड़कों की चौड़ाई में बाधा, अनधिकृत निर्माण, नालियों पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और व्यावसायिक भवनों द्वारा नियम उल्लंघन जैसे मामलों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
किशोरी यादव चौक से गौशाला रोड स्थित नगर निगम की लगभग 11 डिसमिल भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश देते हुए प्रशासक ने कहा कि स्थानीय नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस भूमि के समुचित विकास की योजना तैयार की जाए। इसके साथ ही अव्यवस्थित निगम दुकानों को हटाकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम का मुख्य कारण सड़कों पर बेतरतीब खड़े मालवाहक वाहन और ट्रक हैं। इस पर प्रशासक ने ऐसे वाहनों पर प्रभावी रोक लगाने और यातायात को सुचारू बनाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त ट्रेकर स्टैंड स्थित नगर निगम के एमटीएस परिसर का भी निरीक्षण किया गया, जहां निगम की लगभग 1 एकड़ 80 डिसमिल भूमि के आंशिक अतिक्रमण को हटाकर उसके योजनाबद्ध उपयोग के निर्देश दिए गए।
प्रशासक ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों के बड़े पैमाने पर उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आम नागरिकों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।



