Ranchi News: दीपावली की खुशी उस रात मातम में बदल गई जब बेड़ो थाना क्षेत्र के मुडामु गांव में जुआ खेलते समय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार देर रात करीब दो बजे की है। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय सोमा उरांव के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीपावली के अवसर पर गांव के अखाड़े में कुछ युवक जुआ खेल रहे थे। तभी एक अज्ञात शख्स दोनों हाथों में तमंचा लेकर वहां पहुंचा और सीधे सोमा उरांव पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा। घबराए हुए लोग अपनी जान बचाकर भाग निकले। बताया गया कि हमलावर वारदात के बाद आसानी से फरार हो गया।
दागी किस्म का था मृतक
इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय ने बताया कि सोमा उरांव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या के एक पुराने मामले में जेल जा चुका था और करीब एक साल पहले ही रिहा हुआ था। पुलिस को आशंका है कि हत्या किसी पुराने विवाद या रंजिश के कारण की गई है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक कुमार राम, सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय और बेड़ो थानेदार सुजीत कुमार उरांव ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।
कातिल की तलाश में पुलिस
डीएसपी ने कहा कि कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सघन गश्त शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोलीबारी के पीछे कौन था और क्या यह पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। गांव में अब सन्नाटा और दहशत का माहौल है। जहां दीपावली की रोशनी थी, वहां अब मातम और एक ही सवाल गूंज रहा है— “आखिर गोली किसने और क्यों मारी?”



