Gua news: झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामसंसं) के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने गुरुवार को गुवा खदान क्षेत्र का दौरा कर मजदूरों की समस्याओं का जायजा लिया। यूनियन पदाधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यस्थलों के निरीक्षण के बाद उन्होंने सेल प्रबंधन पर मजदूर हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।

रामा पाण्डे ने कहा कि खदान क्षेत्र में कार्यरत कई ठेका मजदूरों को निर्धारित मजदूरी नहीं मिल रही है, जो श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने प्रबंधन से बकाया भुगतान जल्द कराने तथा सभी मजदूरों को न्यूनतम निर्धारित मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि कई कार्यस्थलों पर मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

उन्होंने खदान क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि नियमित जल छिड़काव नहीं होने से धूलकणों का स्तर बढ़ रहा है, जिससे मजदूरों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए अंतिम निर्णय आने तक इसे मजदूरों पर जबरन लागू नहीं किया जाना चाहिए।

रामा पाण्डे ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरी, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो झामसंसं खदान से लेकर मुख्यालय स्तर तक व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।

Share.
Exit mobile version