रांची: राजधानी में नगर निकाय चुनाव (आम निर्वाचन-2026) का बिगुल बज चुका है। शनिवार, 7 फरवरी को रांची जिला प्रशासन द्वारा मेयर और वार्ड पार्षदों के लिए चुनाव चिन्हों के आवंटन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए निर्वाची पदाधिकारियों ने अभ्यर्थियों को उनके चुनावी प्रतीक सौंप दिए हैं, जिससे अब प्रचार अभियान में तेजी आने की उम्मीद है।

रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए इस बार 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रमुख प्रत्याशियों की बात करें तो रमा खलखो को ‘बेंच’ आवंटित किया गया है, जबकि किरण कुमारी ‘एयर-कंडीशनर’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगी। देवी दयाल मुंडा को ‘छड़ी’ और सुरेंद्र लिंडा को ‘कैमरा’ प्रतीक मिला है। अन्य प्रत्याशियों में रोशनी खालको को ‘बिस्किट’, सोनू खलखो को ‘कारपेट’ और सुजीत विजय आनंद कुजूर को ‘ईंटें’ आवंटित की गई हैं।

इसी क्रम में बुंडू नगर पंचायत के लिए भी अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के बीच चिन्हों का वितरण किया गया। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब प्रत्याशी अपने-अपने प्रतीकों के साथ मतदाताओं को रिझाने के लिए गलियों और मोहल्लों में उतरने को तैयार हैं।

Share.
Exit mobile version