गुमला: उपायुक्त के निर्देश के आलोक में आज शनिवार को निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला ग्रामीण विकास शाखा गुमला, विद्या भूषण कुमार द्वारा प्रखंड रायडीह अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र भालमंडा, खीरखांड, पतराटोली, मांझाटोली तथा खटकाया का दौरा कर बच्चों को वितरित किए गए गर्म पोशाक की गुणवत्ता एवं उपलब्धता की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी आंगनवाड़ी बच्चों को दो-दो गर्म पोशाक उपलब्ध कराए गए हैं। गर्म पोशाक के धुलाई पूर्व वजन 245 ग्राम तथा धुलाई पश्चात वजन 240 ग्राम पाए गए। कुछ पोशाकों पर विभागीय लोगो अनुपस्थित पाया गया जबकि कई पोशाकों पर नियमानुसार लोगो अंकित थे। इस संबंध में आवश्यक सुधार एवं अनुपालन हेतु संबंधित एजेंसी पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी रायडीह सह सीडीपीओ भी उपस्थित रहे। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की विभिन्न भौतिक आवश्यकताओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र मांझाटोली जर्जर अवस्था में पाया गया तथा खीरखांड आंगनवाड़ी केंद्र में पेयजल सुविधा की कमी की जानकारी सेविका द्वारा दी गई। इस पर निदेशक द्वारा नियमानुसार त्वरित करवाई सुनिश्चित करने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी रायडीह सह सीडीपीओ को निर्देशित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाएं मानक के अनुरूप हों एवं किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्क्षण कार्रवाई की जाए।

Share.
Exit mobile version