Pune: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसकी तुलना इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की हत्या उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर की। आरोप है कि दोनों ने केतन को लोहागढ़ किले की लगभग 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया और इसे हादसा साबित करने की कोशिश की।

Read more: पहाड़ी पर चढ़ते थक गए किलर्स तो राजा को मारने से किया इनकार, सोनम ने 15 हजार नगद देकर कहा- मारना तो पड़ेगा

केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे क्षेत्र के निवासी थे और अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में डायरेक्टर की भूमिका निभा रहे थे। वहीं, सिया गोयल शहर के एक बड़े मसाला कारोबारी की बेटी है। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में तय थी। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और बताया जा रहा है कि इस समारोह पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन एक-दूसरे के संपर्क में थे और सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों ने पहले 14 जून को केतन की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 18 जून को सिया ने केतन के साथ ट्रेकिंग और प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन का कार्यक्रम बनाया। दोनों लोहागढ़ किले पहुंचे, जहां कथित रूप से पहले से मौजूद चेतन के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया गया।

घटना के बाद सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गए। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को सिया और चेतन के संबंधों की जानकारी मिली।

Read more: राजा हत्याकांड में होंगे कई खुलासे, अभी और भी राज उगलेगी मास्टरमाइंड सोनम

शक गहराने पर पुलिस ने चेतन चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। केतन के पिता ने मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने की अपील की है, जबकि उनकी मां ने आरोपियों के साथ-साथ सिया के परिजनों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।

Read more: राजा मर्डर केस: सोनम को ही बताया पति राजा की हत्या की मास्टरमाइंड, चार्जशीट में खुलासा

गौरतलब है कि लोहागढ़ किला पुणे के निकट लोनावला क्षेत्र में स्थित एक ऐतिहासिक किला है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक और ट्रेकर्स पहुंचते हैं। गहरी खाइयों और पहाड़ी रास्तों के कारण यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है।इस घटना ने एक बार फिर इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें हनीमून के दौरान पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था। पुणे की यह वारदात भी रिश्तों में विश्वासघात और सुनियोजित अपराध की एक भयावह तस्वीर पेश करती है।

Share.
Exit mobile version