Ranchi : सूचना अधिकार स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 12 अक्टूबर 2025 को अल्बर्ट एक्का चौक, राँची में जन सूचना अधिकार मंच रांची की ओर से एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों ने स्लोगन तख्तियां लेकर राज्य सरकार से सूचना अधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की।

मंच के संयोजक मो. अकरम राशिद ने कहा कि झारखंड सूचना आयोग में इस समय करीब 25,000 आवेदन लंबित हैं, लेकिन सरकार अब तक सूचना आयुक्त की नियुक्ति नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि आयोग की निष्क्रियता के कारण आवेदक समय पर सूचना से वंचित रह जाते हैं, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही प्रभावित हो रही है।

उन्होंने सरकार से कई प्रमुख मांगें रखीं—
मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर सेवानिवृत्त न्यायाधीश की नियुक्ति, आयोग में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य करना, द्वितीय अपील की शीघ्र सुनवाई, समय पर पर्याप्त सूचना प्रदान करना और अल्पसंख्यक समुदाय से सूचना आयुक्त की नियुक्ति शामिल हैं।

राशिद ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों को सूचना अधिकार कानून पर जागरूकता अभियान चलाना चाहिए, ताकि आम जनता अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सके। उन्होंने कहा, “यह आंदोलन भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ आम आदमी की आवाज है।”

कार्यक्रम में सोनाली केवट, विजय, सुहेल, असफर, नसीम पठान, मुजाहिद, इस्लाम, फरहान, रयान, कबीर और सुफियान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version