Bokaro News: स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज चास शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को धर्मशाला मोर्चा स्थित जगदंबा मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अरुण कुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन कौशल किशोर ने किया। इस बैठक में आगामी 18 जनवरी 2026, रविवार को आयोजित होने वाले सामाजिक मिलन सह वनभोज कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

16 जोन प्रमुखों ने दी तैयारियों की जानकारी

बैठक में चास नगर निगम क्षेत्र के सभी 16 जोन प्रमुख उपस्थित रहे। जोनवार चलाए जा रहे आमंत्रण अभियान की समीक्षा की गई, जिसमें समाज के सम्मानित परिवारों को व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। अब तक करीब 1700 परिवारों तक आमंत्रण पत्र पहुंचाए जा चुके हैं।

समाज को सशक्त बनाने का माध्यम है आपसी मेलजोल

बैठक को संबोधित करते हुए सेवा समाज के संरक्षक सदस्य राकेश कुमार मधु ने कहा कि किसी भी समाज को मजबूत बनाने के लिए आपसी मेलजोल बेहद जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में मदद करते हैं और समाज के लोगों को एक-दूसरे को समझने का अवसर देते हैं।

इस खबर को भी पढ़ें : स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज का बड़ा कदम, उपमुख्यमंत्री को मिला न्योता

वहीं संरक्षक सदस्य एवं स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के सचिव लालमोहन शर्मा ने कहा कि चास शाखा द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के समाज के लोगों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मृत्युभोज, दहेज प्रथा और आर्थिक असमानता जैसी बुराइयों को समाप्त करने के लिए समाज को एकजुट होकर काम करना होगा।

स्थल निरीक्षण और सम्मान समारोह का निर्णय

बैठक के बाद स्वामी सहजानंद महाविद्यालय प्रांगण में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान समाज की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाले होनहार युवाओं को सम्मानित करने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में उपमहापौर अविनाश कुमार सहित समाज के कई वरिष्ठ एवं युवा सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Share.
Exit mobile version