Chaibasa: कोल्हान क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले कोल्हान ब्ह: रूमुल–2026 के आयोजन को लेकर तैयारियों का आगाज हो गया है। इस सिलसिले में चाईबासा के खूंटकट्टी मैदान, ताम्बो में आयोजन समिति की पहली अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मार्च माह में प्रस्तावित ब्ह: रूमुल को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के साथ-साथ आयोजन की संभावित तिथि, स्थल की व्यवस्था, पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रीति-रिवाजों के संरक्षण, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था और प्रचार-प्रसार जैसे अहम बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। समिति सदस्यों ने एकमत से कहा कि कोल्हान ब्ह: रूमुल केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न उप-समितियों के गठन पर भी चर्चा की गई, ताकि अलग-अलग जिम्मेदारियों का सुचारू रूप से निर्वहन हो सके। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के अंत में आयोजन समिति ने भरोसा जताया कि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास से कोल्हान ब्ह: रूमुल–2026 एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन बनेगा। इससे न सिर्फ कोल्हान क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को नई पहचान मिलेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक इसकी विरासत भी सशक्त रूप से पहुंचेगी।



