Ranchi : मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को नई सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा लगातार दिए जा रहे निर्देशों के आलोक में पुलिस अधीक्षक, नगर, रांची के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक, सदर, रांची के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने ब्राउन शुगर के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक ही परिवार के सदस्य, किरायेदार और सहयोगियों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शांतिनगर, तिरिल, रोड नंबर-10 स्थित बाबला राम के घर पर विधिवत छापामारी की गई। छापामारी के दौरान अम्बर कुमार राम उर्फ टमन उर्फ तपन, उसके पिता बाबला राम, माता मुन्नी देवी, बहन सुप्रिया कुमारी उर्फ काव्या कुमारी (नाबालिग) तथा दिव्या कुमारी को पकड़ा गया। तलाशी के क्रम में अम्बर कुमार राम के पास से प्लास्टिक पाउच में ब्राउन शुगर, एक रियलमी स्मार्ट मोबाइल तथा 5250 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं बाबला राम के पास से कागज की आठ पुड़िया ब्राउन शुगर और एक रेडमी मोबाइल, मुन्नी देवी के पास से प्लास्टिक पाउच में ब्राउन शुगर व सैमसंग मोबाइल तथा दिव्या कुमारी के पास से पांच पुड़िया ब्राउन शुगर और वीवो मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में अम्बर कुमार राम ने खुलासा किया कि वह बिहार के पिरो से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और तिरिल स्थित अपने घर में माता-पिता, बहन व किरायेदार की मदद से छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर कोकर व आसपास के इलाकों में 1300 से 1500 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बिक्री करता था। उसने यह भी बताया कि उसका छोटा भाई और दोस्त कोकर के जतराटांड़ इलाके में ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं।
अम्बर की निशानदेही पर पुलिस ने कोकर बाजार, जतराटांड़ मैदान के चबूतरा के पास से तीन अन्य आरोपियों—पियुष कुमार, समीर तिर्की और अमन कुमार—को रंगे हाथों पकड़ा। इनके पास से कुल 19 पुड़िया ब्राउन शुगर, तीन स्मार्ट मोबाइल फोन और 2050 रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से एक केटीएम मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FS 5882) भी जब्त की गई।
इस पूरे मामले में सदर थाना कांड संख्या 632/2025 दिनांक 30.12.2025 के तहत धारा 111(2)(b) बीएनएस एवं 21(b), 22(b), 23, 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त अम्बर कुमार राम के विरुद्ध पहले से सदर थाना सहित अन्य थानों में कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, सात स्मार्ट मोबाइल, 7300 रुपये नकद और मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



