Mumbai: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसआईटी ने इस सनसनीखेज रैकेट में शामिल तीन और मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, जिसके बाद इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पकड़े गए नए आरोपियों में मोस्ट वांटेड कपिल दहिया भी शामिल है, जिसे पंजाब के पठानकोट से दबोचा गया है। इसके अलावा, मुख्य आरोपी को कानून की गिरफ्त से बचाने और इस पूरी साजिश में उसका साथ देने के आरोप में दो अन्य मददगारों को भी अरेस्ट किया गया है।
Read more: महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर एकनाथ शिंदे सख्त, मुख्य आरोपितों पर मकोका लगाने की मांग
लुक आउट सर्कुलर के बाद पठानकोट से दबोचा गया वांटेड
एसआईटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया को बताया कि आरोपी कपिल दहिया लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर रखा था। इसके अलावा पुलिस ने मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को फरार रहने में मदद करने के जुर्म में सोनू सिंह और मिथुन सिंह को भी गिरफ्तार किया है। बिहार के हाजीपुर में फोटोकॉपी की दुकान चलाने वाले सोनू सिंह पर आरोप है कि उसने बिजेंद्र गुप्ता के कहने पर फर्जी पहचान पत्र तैयार किए और अपनी दुकान पर लीक प्रश्न पत्र की कई कॉपियां प्रिंट कीं।
Read more: महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक: बिहार का विजेंद्र गुप्ता मास्टरमाइंड?
साढू के साथ मिलकर खरीदार ढूंढने पुणे गया था आरोपी
पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि गिरफ्तार मिथुन सिंह, मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता का साढू है। वह इस पेपर लीक की साजिश में बराबर का हिस्सेदार था और ग्राहकों को फंसाने के लिए कपिल दहिया के साथ पुणे भी गया था। मिथुन को पटना से गिरफ्तार किया गया है। इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 9 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस ने बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी और प्रश्न पत्र बेचने के आरोप में धीरज सिंह, आकाश कुमार और राजीव कुमार को भी गिरफ्तार किया था।
हत्या का आरोपी भी है मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता बेहद शातिर अपराधी है, जो पहले भी कई राज्यों के पेपर लीक मामलों और एक मर्डर केस में जेल जा चुका है। वह जमानत मिलने के बाद फर्जी आईडी बनाकर दूसरे राज्यों में छिप जाता था। छानबीन के दौरान आरोपी सोनू सिंह के कंप्यूटर की हार्ड डिस्क से हिंदी, मराठी और अंग्रेजी भाषा में टीईटी परीक्षा के पेपर मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए शिक्षा विभाग को भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस की टीमें बिजेंद्र गुप्ता की तलाश में जुटी हैं।
Read more: महाराष्ट्र TET 2026 परीक्षा स्थगित, भिवंडी में प्रश्नपत्र मिलने के बाद बड़ा फैसला




