पालकोट (गुमला): पालकोट वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने चौंक टंगरा इलाके में घेराबंदी कर दुर्लभ वन्यजीव बज्रकीट (पेंगोलिन) की छाल की तस्करी कर रहे पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से भारी मात्रा में बज्रकीट के अवशेष बरामद किए गए हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।

6 किलो छाल बरामद; ऑटो और मोटरसाइकिल से हो रही थी डिलीवरी

वन क्षेत्र पदाधिकारी अशोक कुमार एवं प्रभारी वनपाल संदीप कुमार के नेतृत्व में चली इस छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बोरे में भरी करीब 6 किलोग्राम बज्रकीट की छाल बरामद की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में

बहुरन सिंह (पिता – रघुवर सिंह),
रविंद्र सिंह (पिता – बहुरन सिंह),
जयदेव सिंह (पिता – बहुरन सिंह),
शिव शंकर सिंह (पिता – लोटन सिंह) — सभी निवासी रोकेडेगा गांव, पालकोट प्रखंड,
तथा जेठु लोहरा (पिता – शनिचर लोहरा), निवासी मरदा–तुंद टोली, पालकोट प्रखंड शामिल हैं।

इस खबर को भी पढ़ें : पैंगोलिन खाल तस्करी का भंडाफोड़: डब्ल्यूएलसीबी ने दो तस्करों को दबोचा, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

विभाग ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ऑटो टेंपू और एक मोटरसाइकिल को भी मौके से जब्त कर लिया है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई; विभाग की पैनी नजर

इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व वन क्षेत्र पदाधिकारी अशोक कुमार एवं प्रभारी वनपाल संदीप कुमार ने किया। अभियान में वनरक्षी शशी बेक, अनुप कुमार महतो, अमृत केरकेट्टा, रिझू साहू, तारक ठाकुर, लोया खड़िया, किष्टो कर्मकार, मनोज लोहरा, राधेश्याम साहू, प्रकाश मुंडा, कार्तिक गोप, छोटेलाल साहू, प्रभात कुमार प्रजापति, गंदूर प्रसाद सिंह एवं लक्ष्मण साहू समेत अन्य कर्मी शामिल थे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से वन्यजीव तस्करी की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

रिपोर्ट- रोहित कुमार साहू

Share.
Exit mobile version