Palamu: अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम और शराब तस्करी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह दोनों कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में की गई है। पुलिस ने एक ओर जहां अफीम की बड़ी खेप पकड़ी, वहीं दूसरी ओर अवैध शराब की तस्करी का भी भंडाफोड़ किया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अफीम की एक खेप तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह चौक के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ऑटो सवार दो लोगों के बैग से कुल 800 ग्राम अफीम बरामद की गई।

इस खबर को भी पढ़ें : पलामू में रिश्तों का खून: सनकी दामाद ने ससुर को उतारा मौ’त के घाट

इस मामले में पुलिस ने सूचित भुइयां को गिरफ्तार किया, जो पांकी थाना क्षेत्र के पथरा कला का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी कुलेंद्र भुइयां चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के रिमी रामपुर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम को पंजाब के इलाके में तस्करी के लिए ले जाया जाना था।

दूसरे मामले में पलामू पुलिस ने अवैध शराब की एक बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस के मुताबिक शराब की तस्करी पानी सप्लाई के बिल के नाम पर की जा रही थी, ताकि शक न हो। जांच में सामने आया कि शराब रांची के लालपुर इलाके से खरीदी गई थी और इसे बिहार के औरंगाबाद जिले में खपाने की तैयारी थी।

इस कार्रवाई में पुलिस ने रांची के ओरमांझी निवासी सरोज प्रजापति और चान्हो थाना क्षेत्र के सुरेंद्र महतो को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Share.
Exit mobile version