Palamu: झारखंड के पलामू जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको हिला दिया। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर बरवाडीह गांव के पास पिकअप और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दोनों युवक बिहार के डेहरी क्षेत्र के मोहनियाबीघा गांव के रहने वाले थे। मृतक की पहचान आलोक खरवार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम सूरज खरवार बताया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल सूरज खरवार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर किया गया है। उसकी हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जपला-दंगवार मुख्य सड़क को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हुसैनाबाद थाना और देवरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।

पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है, जबकि पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और घटना की पूरी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर और सख्त ट्रैफिक निगरानी की मांग की है ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।

Share.
Exit mobile version