Palamu: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लठैया के गम्हरिया गांव में गुरुवार की देर रात एक दामाद की सनक ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। पत्नी को विदा कराकर साथ ले जाने की जिद और पुरानी रंजिश के बीच दामाद लवकुश यादव ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर अपने ससुर सुनील यादव की जान ले ली। इस हमले में उसकी पत्नी पूजा देवी और साली कविता कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (MMCH) में भर्ती कराया गया है।
सफर की थकान और सिर पर सवार था खून
जानकारी के अनुसार, हैदरनगर के सोबा बरेवा निवासी लवकुश यादव गुजरात में मजदूरी करता था। वह गुरुवार को ही काम से वापस लौटा और जपला स्टेशन पर उतरने के बाद घर जाने के बजाय सीधे अपने ससुराल गम्हरिया पहुंचा। वह अपनी पत्नी पूजा को तुरंत साथ ले जाना चाहता था, लेकिन पत्नी ने जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर बहस बढ़ी और लवकुश ने आपा खो दिया।
बचाव करने आए ससुर और साली को भी नहीं बख्शा
रात के सन्नाटे में जब विवाद बढ़ा, तो लवकुश ने चाकू निकालकर पत्नी पर वार करना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ससुर सुनील यादव और साली कविता बीच-बचाव करने दौड़े। लेकिन गुस्साए लवकुश ने उन दोनों पर भी चाकू से कई वार कर दिए। ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बहनें खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
दहेज प्रताड़ना का भी लगा आरोप
अस्पताल में भर्ती जख्मी पत्नी और साली ने पुलिस को दिए बयान में लवकुश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लवकुश लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था और इसी रंजिश में उसने इस खूनी खेल को अंजाम दिया। पुलिस ने ससुर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एक पल के गुस्से ने जहाँ एक वृद्ध की जान ले ली, वहीं दो बहनें अब जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : पलामू में खूनी अंधविश्वास: सांप ने पत्नी को डंसा, पति ने ‘ओझा’ को पीट-पीटकर मार डाला



