चैनपुर (गुमला): प्रखंड परिसर में बुधवार को नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड राज्य युवा आयोग, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा प्रज्ज्वलित विहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “नशा मुक्त समाज” रहा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मियों, युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिमेष रंजन ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित समाज के निर्माण के लिए नशे से दूरी बनाना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और प्रेरक गीतों के जरिए बताया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए नशा मुक्त समाज की दिशा में सहयोग देने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर सचिव आर.आर. मेहता ने कहा कि नशामुक्त समाज का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब आमजन भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से यह संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जागरूकता फैलानी होगी।
नुक्कड़ नाटक में कांति केरकेट्टा, सिप्रियन एक्का, अनिमा कच्छप, जेम्मा खलखो, लकड़ा रुसवा उरांव और नागी उरांव ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने चैनपुर को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।




