India News: पीएम नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने खुद को पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि अब नितिन नबीन हम सभी के अध्यक्ष हैं।
पीएम ने कहा कि नितिन नबीन का दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना नहीं है, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर आगे बढ़ने की भी बड़ी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर भाजपा का कार्यकर्ता होना उनके लिए गर्व की बात है।
इस खबर को भी पढ़ें : बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के सामने चुनावी चुनौतियों का अंबार
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 साल देश के लिए बेहद अहम हैं। यही वह समय है जब विकसित भारत के निर्माण की नींव मजबूत की जानी है। इस महत्वपूर्ण कालखंड की शुरुआत में नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे और संगठन को नई ऊर्जा देंगे।
नए अध्यक्ष की तारीफ करते हुए पीएम ने कहा कि नितिन नबीन से जो भी मिला है, वह उनकी सरलता और सहजता की बात जरूर करता है। भाजपा युवा मोर्चा में काम करने से लेकर विभिन्न राज्यों में प्रभारी की भूमिका और बिहार सरकार में उनके अनुभव ने उन्हें हर जिम्मेदारी में खुद को साबित करने का मौका दिया है।
भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि बीते कई महीनों से संगठन पर्व की प्रक्रिया पार्टी की छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से चली। यह पूरी प्रक्रिया भाजपा के संविधान और उसकी भावना के अनुरूप रही और आज इसका विधिवत समापन हुआ।
अपने संबोधन में पीएम ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को याद करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इसके बाद वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत होता गया और केंद्र में भाजपा की सरकारें बनीं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक पहले से कहीं ज्यादा सशक्त है और यह कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का परिणाम है।



