मणिपुर : सेनापति और उससे सटे कांगपोकपी जिले के सीमावर्ती इलाकों में सोमवार को एक बार फिर हिंसा और गोलीबारी की घटना सामने आई। इस दौरान कई घरों में आगजनी और तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों की गोलीबारी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद तनाव और बढ़ गया। नगा जनजातीय संगठनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (NH-2), यानी इंफाल-दिमापुर मार्ग को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। इससे मणिपुर और नागालैंड के बीच सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
Read More : अवैध RO प्लांट पर शिकंजा: 3 बॉटलिंग प्लांट पर लगा 1.50 लाख का जुर्माना
तड़के 2:40 बजे शुरू हुई हिंसा
मिली जानकारी के अनुसार हिंसा की शुरुआत तड़के करीब 2:40 बजे ताफू कुकी इलाके से हुई। यहां एक घर में आग लगा दी गई। दमकल की गाड़ियां करीब 3:30 बजे मौके पर पहुंचीं, लेकिन स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार कुछ लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम को काम करने से रोकने की कोशिश की। सुबह 4 बजे के बाद 9MR और मरैमई के आसपास के इलाकों में नगा समुदाय के लोगों के घरों को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई। पोमई नगा समुदाय के लाई गांव और फूबा गांव में कई घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। सुबह करीब 9:20 बजे जब मीडियाकर्मी जले और क्षतिग्रस्त मकानों की तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे, तभी इलाके में अचानक तेज गोलीबारी शुरू हो गई।
गोलीबारी में CRPF जवान घायल
हिंसा और गोलीबारी के दौरान 36वीं बटालियन के 54 वर्षीय CRPF जवान को गोली लग गई। घायल जवान को तत्काल सेनापति जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती जवान ने बताया कि गोली किस दिशा से चली, यह कहना मुश्किल है, क्योंकि दोनों तरफ से लगातार फायरिंग हो रही थी। घटना के बाद ताफू कुकी विलेज अथॉरिटी ने आधिकारिक बयान जारी कर घर में आगजनी और तोड़फोड़ की कड़ी निंदा की। अथॉरिटी ने इसे “अमानवीय और अस्वीकार्य” बताया। विलेज अथॉरिटी ने आगजनी में शामिल लोगों को 24 घंटे के भीतर जिम्मेदारी स्वीकार करने और ‘कुकी कस्टमरी लॉ’ के तहत मामले को सुलझाने की चेतावनी दी है। अथॉरिटी ने जिला प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि तय समयसीमा के बाद होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के लिए वह जिम्मेदार नहीं होगी।
NH-2 ब्लॉक, सुरक्षा बल तैनात
हिंसा की खबर फैलने के बाद नगा जनजातीय समूहों के सदस्यों ने विरोध जताते हुए NH-2 को कई जगहों पर जाम कर दिया। इससे मालवाहक और यात्री वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सेनापति और कांगपोकपी के सीमावर्ती ताफू इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों और पुलिस की तैनाती की गई है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस नुकसान का आकलन करने में जुटी है।




