Ramgarh : जिले में एटीएम फ्रॉड का एक नया मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला के खाते से ₹47,500 रुपये उड़ा लिए गए। इस घटना ने शहर में सक्रिय एटीएम ठग गिरोह के खिलाफ पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, अरगड्डा कठुआ बेड़ा निवासी अंजू कच्छप, पति संदीप उरांव, अपने बच्चे के इलाज के लिए रामगढ़ आई थीं। वे शहर के मेन रोड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गईं। जैसे ही उन्होंने अपना कार्ड मशीन में डाला, वह फंस गया। एटीएम मशीन के पास लगे हेल्पलाइन नंबर पर उन्होंने मदद के लिए कॉल किया।
कॉल करने के कुछ ही मिनटों में उनके खाते से पहले ₹25,000 और फिर ₹22,500 रुपये की निकासी हो गई। यह सब तब हुआ जब अंजू कच्छप को लगा कि वे बैंक की असली हेल्पलाइन से बात कर रही हैं। बाद में उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने रामगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठग गिरोह एटीएम मशीनों पर फर्जी हेल्पलाइन नंबर चिपका कर भोले-भाले ग्राहकों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी भी परेशानी की स्थिति में बैंक की ऑफिशियल हेल्पलाइन या शाखा कार्यालय से ही संपर्क करें।



