Ranchi : जवाहर नवोदय विद्यालय, मेसरा में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सीनियर डिवीजन द्वारा आयोजित सप्ताहिक विशेष शिविर का समापन समारोह मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कैडेटों के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य एनोस केरकेट्टा, कर्नल रोहित नंदन प्रसाद, कर्नल अमित लांबा सहित कई अधिकारी और शिक्षाविद उपस्थित रहे। शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण, ड्रिल, वेपन हैंडलिंग, फर्स्ट एड, पर्यावरण संरक्षण और नेतृत्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्र सेवा और जिम्मेदारी की भावना जगाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अनुशासन और टीम वर्क जैसे गुण जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी हैं।
समापन अवसर पर कैडेटों ने देशभक्ति गीत और ड्रिल प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनों ने खूब सराहा। इस शिविर ने युवाओं में न केवल आत्मविश्वास बढ़ाया बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित किया।



