Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरीसोत गांव में शनिवार रात नक्सलियों ने एक बार फिर आतंक मचाया। खनन सर्वेक्षण कार्य में लगी एक कंपनी के साइडिंग पर पहुंचे हथियारबंद नक्सलियों ने दो ड्रिलिंग मशीनों समेत छह वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, रात के करीब एक बजे हथियारों से लैस दर्जनों नक्सली तुरीसोत गांव के पास स्थित खनन सर्वे कंपनी के साइडिंग पर पहुंचे। वहां मौजूद मजदूरों को उन्होंने पहले कब्जे में ले लिया और फिर फायरिंग करते हुए इलाके में आतंक फैलाया। इसके बाद दो ड्रिलिंग मशीनों, दो ट्रकों, दो पिकअप वैन और दो बोलेरो गाड़ियों में आग लगा दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नक्सली करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर मौजूद रहे और जमकर उत्पात मचाया। इसके बाद वे जंगल की ओर भाग निकले। गाड़ियों और मशीनों के जलने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ के डीएसपी विनोद रवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले को अंजाम किस नक्सली संगठन ने दिया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में संदेह जताया जा रहा है कि इसके पीछे भाकपा माओवादी संगठन हो सकता है।

चूंकि घटनास्थल लातेहार और रांची जिले की सीमा पर स्थित है, इसलिए यहां कुछ अपराधी गिरोह भी सक्रिय रहते हैं। पुलिस सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है। डीएसपी विनोद रवानी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। दोषियों की तलाश के लिए सघन छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।

Share.
Exit mobile version