रांची: झारखंड की राजधानी में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी कड़ी में, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची सदर के अनुमण्डल पदाधिकारी (SDO) कुमार रजत ने आज ट्रांसपोर्ट नगर स्थित प्रस्तावित मतगणना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।
27 फरवरी को होगा भाग्य का फैसला
रांची नगरपालिका चुनाव के लिए मतदान के बाद, आगामी 27 फरवरी 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर में ही मतगणना का कार्य संपन्न होगा। SDO कुमार रजत ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए और समय रहते सभी तकनीकी व भौतिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
चप्पे-चप्पे पर होगी नजर, सुरक्षा का घेरा सख्त
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। निरीक्षण के दौरान वार्डवार और पदवार मतगणना कक्षों के निर्धारण, बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास द्वारों की समीक्षा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी।
प्रत्याशियों और मीडिया के लिए विशेष व्यवस्था
प्रशासन ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों के बैठने के लिए समुचित इंतजाम किए हैं। इसके अलावा, मतगणना के पल-पल के अपडेट के लिए एक समर्पित ‘मीडिया कक्ष’, कंट्रोल रूम और वेटिंग एरिया भी बनाया जा रहा है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
SDO ने अधिकारियों के साथ समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और विधिसम्मत होनी चाहिए। मतपेटियों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम की सीलिंग और निर्बाध विद्युत आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।



