रांची। राजधानी रांची को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा लगातार शहरी क्षेत्रों का भ्रमण और निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्रशासक सुशांत गौरव के नेतृत्व में नगर निगम एवं अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीपीएस चौक, मेकॉन कॉलोनी, निर्मला कॉलेज के समीप, मेन रोड ओवरब्रिज के नीचे तथा स्टेशन रोड क्षेत्रों का गहन जायजा लिया गया। इस दौरान निगम भूमि, अवैध अतिक्रमण, स्वच्छता व्यवस्था और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से अवलोकन किया गया।

डीपीएस चौक क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि डीपीएस चौक से मेकॉन कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग के बाईं ओर जीएम भूमि और दाईं ओर रेलवे की भूमि का आंशिक हिस्सा शामिल है। प्रशासक ने नगर निगम की टीम को जीएम भूमि की मापी कराकर वहां एक व्यवस्थित पार्क विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सड़क पर अवैध रूप से निर्मित संरचनाओं को शीघ्र हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह मुख्य मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, इसलिए इसे स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाना आवश्यक है।

मेकॉन स्टेडियम के समीप स्थित जीएम भूमि पर अवैध खटाल और अन्य संरचनाओं द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर भविष्य में स्थानीय नागरिकों के लिए विकासात्मक कार्य कराने का निर्देश दिया।

निर्मला कॉलेज के समीप ग्रीन पैच डेवलपमेंट कार्य का निरीक्षण करते हुए प्रशासक ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र में आकर्षक एवं उपयुक्त पेड़-पौधों का रोपण किया जाए, स्थानीय निवासियों के लिए सुव्यवस्थित पाथवे विकसित हों और दीवारों पर सुंदर व गुणवत्तापूर्ण पेंटिंग कराई जाए।

मेन रोड ओवरब्रिज के नीचे और स्टेशन रोड क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान ओवरब्रिज से स्टेशन रोड तक दोनों ओर पाथवे विकसित करने, नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने, होटलों एवं भवनों की सघन जांच कराने तथा सरकारी बस स्टैंड के समीप की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रेलवे स्टेशन रोड को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए पेंटिंग कार्य कराने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना है। नगर निगम की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों के लिए हरित और विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही रांची को एक आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है।

Share.
Exit mobile version