रांची : राजधानी रांची में सुगम यातायात, सुरक्षित आवागमन और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम का अतिक्रमण रोधी अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सड़कों व फुटपाथों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
Read More : पेलावल में घर का ताला तोड़कर उड़ाया माल, 24 घंटे में दबोचे चोर
विमेंस और सेंट जेवियर्स कॉलेज के बाहर चली कार्रवाई
निगम की टीम ने रांची विमेंस कॉलेज (साइंस ब्लॉक) के निकट मार्ग पर निर्मित 10 अस्थाई संरचनाओं (अवैध निर्माणों) को ध्वस्त कर हटा दिया और मौके से 2 ठेले जब्त किए। इसके बाद इंफोर्समेंट टीम ने सर्कुलर रोड स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज के समक्ष अभियान चलाया। यहां सड़क और फुटपाथ को बाधित कर बनाए गए 3 काउंटर, 2 टेबल और अन्य संबंधित सामग्रियां जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान इन मार्गों पर यातायात को बाधित करने वाले अवैध रोड साइड वेंडर्स (सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाने वालों) को तुरंत हटाया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से सड़क और पैदल चलने वाले फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो गए हैं। इससे विशेष रूप से प्रतिदिन कॉलेज आने-जाने वाले हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों को सुरक्षित तथा निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।
दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने संबंधित वेंडर्स और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल दुकानों को हटाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण और पैदल यात्रियों के लिए सुगम मार्ग तैयार करना है। नगर निगम ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक रास्तों को मुक्त रखने में अपना सहयोग दें।




