India News: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने एक बार फिर राजनीति से 75 साल में रिटायर होने की बहस छेड़ दी है। भागवत के इस बयान को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा है कि संघ प्रमुख यह संदेश पीएम नरेंद्र मोदी को दे रहे हैं। खास बात है कि पीएम मोदी और भागवत दोनों ही इस साल सितंबर में 75 साल के होने वाले हैं।

शिवसेना सांसद राउत का दावा- भागवत यह संदेश पीएम मोदी को दे रहे हैं

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को नागपुर के एक कार्यक्रम में भागवत ने कहा जब आपको कोई 75 साल का होने पर बधाई देता है, तो इसका मतलब होता है कि अब आपको रुक जाना चाहिए और दूसरों को काम करने देना चाहिए। इस पर संजय राउत ने कहा कि संघ प्रमुख भागवत पीएम मोदी को यह संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, जसवंत सिंह आदि जैसे नेताओं को जबरन रिटायरमेंट दिला दिया, क्योंकि वह 75 साल के हो गए थे। अब देखते हैं कि क्या मोदी इसका पालन खुद भी करेंगे।

इससे पहले भी मार्च में संजय राउत पीएम मोदी के रिटायरमेंट को लेकर दावा कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी अपने रिटायरमेंट का ऐलान करने के लिए आरएसएस के नागपुर मुख्यालय गए थे। राउत ने कहा था कि पीएम मोदी बीते 10-11 सालों में आरएसएस मुख्यालय नहीं गए और वह दौरा उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से अहम था। बीते साल मई में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि पीएम मोदी 75 साल का होने के बाद भी सक्रिय राजनीति से रिटायर नहीं होंगे। उन्होंने कहा था कि मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि बीजेपी के संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है और मोदीजी 2029 तक देश की अगुवाई करेंगे और मोदीजी आने वाले चुनावों में भी नेतृत्व करेंगे। इंडी अलायंस के लिए कोई खुशखबरी नहीं है…। वह झूठ फैलाकर चुनाव नहीं जीत सकते।

Share.
Exit mobile version