Ranchi : रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को रांची में “प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान” के तहत लोगों के बीच जूट के थैलों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि देश को प्लास्टिक से मुक्त किया जाए और इसके लिए हम सभी को अपने दैनिक जीवन में कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि उनका प्रयास है कि रांची लोकसभा क्षेत्र के हर घर तक जूट का थैला पहुंचे, ताकि लोग प्लास्टिक का उपयोग छोड़कर इस अभियान को सफल बना सकें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में एक महत्वपूर्ण आयाम पर्यावरण संरक्षण भी है, और इसके लिए प्लास्टिक मुक्त भारत अनिवार्य है।

इसी क्रम में स्वदेशी अपनाओ अभियान के तहत रातू रोड स्थित विश्वनाथ मंदिर से पिस्का मोड़ और न्यू मार्केट तक जनजागरण रैली निकाली गई। इस दौरान संजय सेठ ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में स्टिकर लगाकर लोगों से स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने और स्वदेशी सामान बेचने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित उत्पादों को अपनाने से न केवल अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे सुधारों को ऐतिहासिक बताया। GST बचत उत्सव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए लाभकारी है और इससे कारोबारी जगत को नई ऊर्जा मिली है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज महतो और मंडल अध्यक्षों को क्षेत्र में वितरण हेतु जूट के थैले और छाते सौंपे गए। इस मौके पर भाजपा नेता ललित नारायण ओझा, संजय कुमार जायसवाल, ओमप्रकाश पांडे, शंकर दुबे, संजीव चौधरी, अशोक यादव, शैलेश्वर दयाल सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version