Lohardaga: कुडू थाना क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध पत्थर खनन कारोबार पर खनन विभाग ने बुधवार को कड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने गिट्टी लदा हाइवा (निबंधन संख्या जेएच-19ए-5269) को एनएच-75, बरवाटोली स्थित मित्रा पेट्रोल पंप के समीप पकड़ा।

वाहन चालक ने तेज़ रफ्तार में भागने का प्रयास किया, लेकिन खनन विभाग की टीम ने ओवरटेक कर उसे दबोच लिया। खनन विभाग के अनुसार, वाहन से संबंधित कोई भी वैध कागजात, जैसे चालान या परिवहन परमिट, प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

जिला खनन पदाधिकारी राजराम प्रसाद ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद यह छापेमारी की गई थी। खनन नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने वाहन मालिक पर 1.78 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और हाइवा को कुडू थाना में जब्त कर दिया।

राजराम प्रसाद ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई से अवैध खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोग भी खनन विभाग की सख़्ती की सराहना कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि भविष्य में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगेगी।

Share.
Exit mobile version