New Delhi ; फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी META को अमेरिका के न्यू मैक्सिको की एक अदालत से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने बच्चों और युवाओं को सोशल मीडिया से हुए कथित नुकसान के मामले में कंपनी पर 567 मिलियन डॉलर (करीब 5,000 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है। यह फैसला बच्चों की मानसिक सेहत और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े एक चर्चित मामले में आया है।
गुरुवार देर रात आए फैसले में जज ब्रायन बीडशीड ने कहा कि जुर्माने में से 420 मिलियन डॉलर युवाओं के इलाज और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च किए जाएंगे। बाकी राशि अगले पांच वर्षों में जागरूकता अभियान, रोकथाम, स्क्रीनिंग सेवाओं और अन्य संबंधित कार्यों पर खर्च होगी।
इस मामले के पहले चरण में जूरी ने META पर 375 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया था। जूरी का कहना था कि कंपनी ने बच्चों की मानसिक सेहत को नुकसान पहुंचाने वाले फीचर्स का इस्तेमाल जारी रखा और अपने प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी जानकारी को छिपाया।
दूसरे चरण में सरकारी वकीलों ने अदालत से META में बड़े बदलाव लागू करने की मांग की। इनमें उम्र की बेहतर पुष्टि, डिफॉल्ट प्राइवेसी सेटिंग्स को मजबूत करना और बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़ी निगरानी शामिल है। इस सप्ताह META ने बच्चों से जुड़े कंटेंट को लेकर अपनी चूक स्वीकार की और कंपनी के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने माफी मांगते हुए जल्द सुधार का भरोसा दिया।
Read more : श्रावणी मेले में बाबाधाम को दानपेटियों से मिले 22.88 लाख रुपये




