Ranchi : मुस्लिम समुदाय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आगामी 2 नवम्बर को धनबाद जिला के तोपचांची भुईयां चितरो में एक बड़ी महाबैठक आयोजित की जायेगी। यह बैठक मुस्लिम फ्रंट धनबाद के बैनर तले होगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बैठक में मुख्य रूप से झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा मदरसा डिग्री आलिम और फाजिल की मान्यता रद्द करने के प्रयास पर रोक लगाने, वर्ष 2023 तक डिग्री की वैधानिकता बनाए रखने की मांग की जाएगी। साथ ही सहायक आचार्य बहाली में आलिम डिग्री धारकों का परिणाम जारी करने और माध्यमिक आचार्य बहाली में फाजिल डिग्री वालों को शामिल करने की भी माँग रखी जाएगी।

इसके अलावा 543 उर्दू स्कूलों के स्टेटस की बहाली, 3712 रिक्त उर्दू शिक्षक पदों की पुराने नियमावली के तहत बहाली, और मॉब लिंचिंग पर सख्त कानून बनाने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

बैठक में आमया संगठन के अध्यक्ष एस. अली मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। यह जानकारी आज रांची में मुस्लिम फ्रंट धनबाद के संयोजक अजमूल अंसारी, अजमत अंसारी, वसीउल्लाह अंसारी, खुर्शीद अंसारी और मंसूर अंसारी ने संयुक्त रूप से दी।

Share.
Exit mobile version