नई दिल्ली/रांची: रांची के सुनियोजित शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं को वैश्विक स्तर का बनाने के लिए कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में रांची की महापौर (मेयर) रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक के दौरान उन्होंने रांची के समग्र विकास, आधुनिक आधारभूत संरचना के निर्माण और पर्यावरण-अनुकूल योजनाओं के लिए केंद्र सरकार से विशेष वित्तीय और तकनीकी सहयोग का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान महापौर रोशनी खलखो ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष रांची की तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण से पैदा हो रही चुनौतियों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजधानी रांची में इस समय बेहतर सड़क नेटवर्क, प्रभावी जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था, कचरा प्रबंधन व स्वच्छता सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ ग्रीन जोन (हरित क्षेत्रों) को विकसित करने की सख्त जरूरत है।

मेयर ने कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समन्वित प्रयास करें, तो रांची को एक स्वच्छ, आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में तेजी से विकसित किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने रांची के विकास से जुड़े इन तमाम मुद्दों को बेहद गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि शहर के सतत विकास और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी।

Share.
Exit mobile version