भूख को मात, सरयू राय का साथ! अब ₹5 में मिलेगा घर जैसा गरमा-गरम खाना
जमशेदपुर के मानगो में ₹5 वाली 'अन्नपूर्णा थाली' का आगाज। विधायक सरयू राय ने शुरू किया चलंत भोजनालय, मजदूरों और जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत। साथ ही बांटे कंबल।
Jamshedpur News: बढ़ती महंगाई के इस दौर में जहाँ एक कप चाय भी ₹10 की मिलती है, वहीं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो की जनता के लिए एक ‘चमत्कारी’ पहल की है। शनिवार को मानगो के डिमना रोड स्थित आदर्श नगर में सरयू राय ने ‘श्री बालाजी अन्नपूर्णा चलंत मध्याह्न भोजन कार्यक्रम’ का फीता काटकर उद्घाटन किया। अब मानगो की सड़कों पर काम करने वाले मजदूर, ऑटो चालक और असहाय लोग मात्र ₹5 के मामूली टोकन पर सम्मान के साथ ‘शाही थाली’ का आनंद ले सकेंगे।
विधायक निधि का ‘पहिया’ और सेवा का ‘संकल्प’; प्रतिदिन बदलेगा थाली का स्वाद
यह कोई साधारण भोजनालय नहीं, बल्कि एक चलता-फिरता ‘अन्नपूर्णा रथ’ है। सरयू राय ने अपनी विधायक निधि से इस खास फूड वैन की व्यवस्था की है, जबकि स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट भोजन की गुणवत्ता और वितरण का जिम्मा संभाल रहा है। पहले दिन 126 लोगों ने बड़े चाव से खिचड़ी-चोखा और पापड़ का स्वाद लिया। विधायक सरयू राय ने खुद कमान संभालते हुए बताया कि प्रतिदिन मेन्यू बदला जाएगा—कभी कढ़ी-चावल तो कभी दाल-सब्जी और अचार। स्वच्छता ऐसी कि बड़े-बड़े होटल भी मात खा जाएं!
कपकपाती ठंड में सरयू राय ने गर्माहट बांटी; 40 लोगों को मिला ‘कंबल का कवच’
सिर्फ पेट की भूख ही नहीं, सरयू राय ने तन की ठिठुरन का भी ख्याल रखा। हनुमान मंदिर परिसर में उन्होंने 40 अत्यंत जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया। सरयू राय ने भावुक होते हुए कहा, “राजनीति का असली अर्थ सेवा है। जब एक मजदूर ₹5 में पेट भरकर मुस्कुराते हुए निकलता है, तो वही मेरी असली कमाई है।” इस दौरान भाजपा और जदयू (NDA) के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को जमशेदपुर के इतिहास में मील का पत्थर बताया।