Jamshedpur News: मानगो के आजादनगर इलाके में गुरुवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी मच गई जब 11 केवी ट्रांसफॉर्मर पर काम कर रहे एक मजदूर को करंट लग गया। केबल बिछाने का काम वोल्टास कंपनी के जिम्मे था, लेकिन बिजली विभाग और कंपनी दोनों की लापरवाही ने मजदूर को गंभीर हालत में पहुंचा दिया।

फीडर लाइन बंद नहीं थी, सक्रिय तार से चिपक गया मजदूर

घटना गांधी मैदान के सामने हुए उस ट्रांसफॉर्मर पर हुई, जहां आजादनगर और कुंवर बस्ती के दो फीडर जुड़े हुए हैं। मजदूरों को काम से पहले केवल आजादनगर फीडर बंद किया गया, जबकि कुंवर बस्ती की लाइन चालू ही थी। इसी गलती के कारण समस्तीपुर निवासी राजू सैनी अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया। तेज धमाका हुआ और वह नीचे गिर पड़ा। उसे तुरंत गुरु नानक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का आरोप- “यह सीधी लापरवाही है”

घटना के बाद लोगों ने मानगो-2 के जूनियर इंजीनियर और उनकी टीम पर उंगली उठाई। उनका कहना है कि ट्रांसफॉर्मर पर कौन सी फीडर लाइनें सक्रिय हैं, इसकी पूरी जानकारी लेना इंजीनियरों की जिम्मेदारी थी। लोगों ने इसे सीधी लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और घायल मजदूर को मुआवजा देने की मांग की। राजू सैनी चार बच्चों का पिता है और उसकी कमाई पर पूरा परिवार निर्भर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि काम करने की क्षमता घटने पर परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है।

Share.
Exit mobile version