Ranchi News: मांडर के चटवल गांव में मंगलवार की सुबह लोगों की दिनचर्या वैसे ही चल रही थी, जब अचानक गांव में फैलती एक तेज बदबू ने सबका ध्यान खींच लिया। सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने सरना स्थल के पास गड्ढे से उठती दुर्गंध देखी और नज़दीक जाकर देखा तो होश उड़ गए। गड्ढे के भीतर एक बोरा पड़ा था और उसमें से किसी शव का हड्डियों जैसा हिस्सा बाहर नजर आ रहा था।
घटना की सूचना तुरंत मांडर थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी मनोज करमाली टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को घेर लिया। गड्ढा खुदवाकर बोरा बाहर निकाला गया तो साफ हुआ कि यह किसी व्यक्ति का कंकाल था, जो काफी समय पहले मरा हुआ प्रतीत होता है।
हाथ-पैर तोड़कर फेंकने का शक
पुलिस जांच में सामने आया कि शव को हाथ-पैर तोड़कर कई हिस्सों में बोरे में भरा गया था। यह साफ संकेत देता है कि मामला बेहद क्रूर हत्या से जुड़ा हो सकता है। शव लगभग पूरी तरह गल चुका था और पहचान मुश्किल थी।
फॉरेंसिक टीम बुली, डीएनए जांच होगी
रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम तथा डीएनए जांच के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण और पहचान की पुष्टि हो पाएगी।
लापता युवक से जोड़कर देख रही पुलिस
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यह शव चटवल के ही 26 वर्षीय नरेश उरांव उर्फ पलटा का हो सकता है, जो 22 सितंबर से लापता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोग यही सोच रहे हैं कि आखिर इतनी बेरहमी किसने और क्यों की।



