Rajnagar News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनगर थाना क्षेत्र के जनबानी गांव में छापेमारी कर एक अवैध महुआ शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर 9 जुलाई को की गई इस कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध चुलाई भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। मौके से 800 किलोग्राम जावा महुआ और 30 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। जब्त किए गए सभी अवैध उत्पादों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
