रांची: भारतीय सूचना सेवा (IIS) की तेजतर्रार अधिकारी महविश रहमान ने आकाशवाणी रांची के समाचार एकांश (आरएनयू) की प्रमुख के रूप में कमान संभाल ली है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने केंद्र में समाचार संचालन और संपादकीय जिम्मेदारी का कामकाज शुरू कर दिया है।

महविश रहमान का शैक्षणिक और पेशेवर करियर काफी शानदार रहा है। उन्होंने प्रतिष्ठित जामिया मिल्लिया इस्लामिया से जनसंचार में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। इतना ही नहीं, वह यूजीसी-नेट और जेआरएफ क्वालिफाइड हैं और अमेरिका के डिकिंसन कॉलेज, पेंसिलवेनिया में ‘एक्सचेंज फेलो’ भी रह चुकी हैं।

आकाशवाणी रांची आने से पहले वह नई दिल्ली के ‘न्यू मीडिया विंग’ में तैनात थीं। साथ ही उन्हें रांची में ही पत्र सूचना कार्यालय (PIB) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) में काम करने का लंबा अनुभव प्राप्त है। उनके आगमन पर आकाशवाणी रांची के केंद्र निदेशक डी.सी. हेंब्रम सहित समस्त स्टाफ ने उनका स्वागत किया और नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उनके नेतृत्व में आकाशवाणी के समाचार प्रसारण में नए तकनीकी और रचनात्मक बदलावों की उम्मीद की जा रही है।

Share.
Exit mobile version