Lohardaga: महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए शिवधामों में भक्तों की उमड़ पड़ी। शिव भक्तों ने दूध और जल से भगवान बाबा भोलेनाथ का अभिषेक कर खुद के साथ अपने परिवार और समाज की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना कीं।
भक्त सुबह से ही शिवालयों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए मंदिरों के बाहर कतारबद्ध हो गए थे। महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे से शिवालय गूंज उठे। शिव मंदिरों की घंटियां व शंख ध्वनि से माहौल पवित्र हो उठा। महाशिवरात्रि पर शिव के रंग में भक्त सराबोर हुए। शहर से लेकर गांव तक के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। महाशिवरात्रि के दिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक भीड़ उमड़ पड़ी।
भंडरा प्रखंड के अखिलेश्वर शिव धाम, कुडू प्रखंड के महादेव मंडा, सेन्हा शिव मंदिर, चंदवा गढ़गांव शिव मंदिर, कैरो के महादेव मंडा आदि स्थानों में भी सुबह से ही अपने अराध्य देव भगवान भोलेनाथ की पूजा और प्रार्थना को लेकर भक्त लालायित नजर आए। इसमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक थी। इसके अलावे युवक-युवती और अन्य लोगों ने भी भगवान की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की प्रार्थना की। महाशिवरात्रि पर बेलपत्र की सुगंध से पूरा वातावरण महक रहा था। लोगों ने अपनी पसंद के अनुसार दूध और जल से अभिषेक किया। सदर प्रखंड के खखपरात शिवधाम में भक्तों ने कतारबद्ध हो कर पूजा-अर्चना की। लोगों ने पूजा-अनुष्ठान कर भगवान से अपने परिवार की सुख-शांति और उन्नति की कामना की।



