World News: वेनेजुएला की सत्ता के शिखर पर बैठे निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी की कहानी किसी हाई-प्रोफाइल हॉलीवुड थ्रिलर से कम नहीं है। अमेरिकी विशेष बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ के तहत जब डेल्टा फोर्स के कमांडो रात के सन्नाटे में मादुरो के आवास में दाखिल हुए, तो दुनिया को एक ऐसे राज का पता चला जिसने सामरिक विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया। मादुरो के बेडरूम के ठीक बगल में एक ऐसा ‘सीक्रेट बंकर’ था, जो उन्हें दुनिया की किसी भी ताकत से सुरक्षित रख सकता था, लेकिन उस रात समय और किस्मत दोनों ने मादुरो का साथ छोड़ दिया।
कुंडी लगाने की भी नहीं मिली मोहलत
अभियान की सबसे रोमांचक जानकारी यह है कि जब अमेरिकी कमांडो मादुरो के निजी कक्ष तक पहुँचे, तो वे अपनी जान बचाने के लिए उस अभेद्य बंकर की ओर ही भागे थे। रणनीतिकारों का दावा है कि यदि मादुरो उस ठोस स्टील के दरवाजे को भीतर से बंद करने में सफल हो जाते, तो उन्हें वहां से निकालना लगभग नामुमकिन था। लेकिन अमेरिकी सेना की तैयारी का आलम यह था कि कमांडो अपने साथ विशाल ‘ब्लोटॉर्च’ जैसे उपकरण लाए थे, जो पल भर में मोटे से मोटे स्टील को काटने में सक्षम थे। कमांडो की बिजली जैसी रफ्तार ने मादुरो को दरवाजे की कुंडी लगाने तक का मौका नहीं दिया।
बंकर नहीं, ‘पावर हाउस’ था वो कमरा
विदेशी तकनीक से तैयार यह बंकर सिर्फ एक छिपने की जगह नहीं थी, बल्कि एक अत्याधुनिक मिलिट्री कमांड सेंटर था। इसके भीतर ऐसे संचार उपकरण लगे थे जिनसे रडार सिस्टम और मिसाइल डिफेंस को दोबारा सक्रिय किया जा सकता था। वहां महीनों का राशन, पानी और जीवन रक्षक किट मौजूद थे। यानी अगर मादुरो एक बार अंदर पहुँच जाते, तो वे महीनों तक अंदर बैठकर न केवल सुरक्षित रहते बल्कि पूरी सेना को भी निर्देशित कर सकते थे।
रणनीतिक चूक और मादुरो का अंत
बंकर के दरवाजे तक पहुँचकर भी नाकाम हो जाना मादुरो के शासन का अंत साबित हुआ। इस अभियान ने स्पष्ट कर दिया है कि खुफिया जानकारी और सटीकता के मेल से दुनिया का कोई भी दुर्ग अजेय नहीं है। मादुरो अब अमेरिका की गिरफ्त में हैं, लेकिन उनके उस सीक्रेट बंकर की चर्चा आज पूरी दुनिया की डिफेंस कम्युनिटी में हो रही है।
इस खबर को भी पढ़ें : वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो जिस जेल में बंद, उसे कहा जाता है ‘धरती का नर्क’



